ग्रामीण गरीबों को पक्के मकान की सौगात: छत्तीसगढ़ समेत 12 राज्यों के लिए ₹10,021 करोड़ से अधिक की ‘मदर सैंक्शन’ जारी, सीएम साय ने जताया आभार….NV News

Share this

NV News- रायपुर: प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) को देश और प्रदेश में एक नई और तेज गति मिलने जा रही है। केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ सहित देश के 12 राज्यों के लिए ₹10,021 करोड़ से अधिक की ‘मदर सैंक्शन’ (मुख्य वित्तीय स्वीकृति) जारी कर दी है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्र सरकार के इस बड़े फैसले का आत्मीय स्वागत किया है। उन्होंने इसे गरीब कल्याण, ग्रामीण विकास, सम्मानजनक जीवन और अंत्योदय के संकल्प को धरातल पर नई मजबूती देने वाला एक बेहद महत्वपूर्ण और संवेदनशील निर्णय बताया है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस वित्तीय स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ‘हर गरीब को पक्का घर’ देने का संकल्प अब और तेजी से साकार हो रहा है। यह निर्णय ग्रामीण अंचलों में रहने वाले गरीब परिवारों के जीवन में एक बड़ा और सकारात्मक सामाजिक-आर्थिक बदलाव लेकर आएगा। सीएम साय ने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण केवल ईंट और कंक्रीट का मकान बनाने की योजना नहीं है, बल्कि यह गरीब परिवारों को सुरक्षा, आत्मसम्मान और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का एक सशक्त जरिया है।

इस भारी-भरकम राशि के जारी होने से छत्तीसगढ़ में लंबित पड़े और नए स्वीकृत ग्रामीण आवासों के निर्माण कार्य को नया संबल मिलेगा। इसके जरिए सीधे हितग्राहियों के खातों में मकान निर्माण की अगली किस्तों का भुगतान बेहद सुगमता और पारदर्शिता के साथ किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने विभागीय अधिकारियों को भी निर्देशित किया है कि इस राशि का उपयोग पूरी गुणवत्ता और समय-सीमा के भीतर किया जाए, ताकि राज्य के हजारों गरीब परिवारों का अपने खुद के पक्के मकान में रहने का सपना बिना किसी देरी के जल्द से जल्द पूरा हो सके।

Share this

You may have missed