PM Awas Yojana: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन में पूरा हुआ अमृतलाल का सपना, मिला सम्मानपूर्ण जीवन…NV News
Share this
NV News रायपुर: छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और सुशासन में गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुरूप प्रदेश में ‘प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण)’ के माध्यम से हजारों परिवारों के पक्के घर का सपना तेजी से साकार हो रहा है। इसी कड़ी में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के गौरेला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पंडरीपानी निवासी अमृतलाल के परिवार की तस्वीर और तकदीर बदल गई है, जो इस योजना का एक बेहद खूबसूरत और प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरा है।
अमृतलाल का परिवार वर्षों से कच्चे मिट्टी के मकान में बेहद कठिन परिस्थितियों में जीवन बिताने को मजबूर था। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकने, दीवारों में सीलन आने और जहरीले जीव-जंतुओं के डर से बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा हमेशा दांव पर लगी रहती थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण स्वयं का पक्का मकान बनाना उनके लिए एक अधूरा सपना था। हाल ही में पंडरीपानी में आयोजित विशेष ग्राम सभा के दौरान कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री मुकेश रावटे ने अमृतलाल के नए आवास का अवलोकन कर परिवार को बधाई दी और बताया कि शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान स्वीकृत होने के बाद अमृतलाल के परिवार को न सिर्फ प्राकृतिक आपदाओं और मौसम संबंधी परेशानियों से पूरी तरह राहत मिली है, बल्कि उनके सामाजिक सम्मान और आत्मविश्वास में भी बढ़ोतरी हुई है। स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिलने से बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिला है। हितग्राही अमृतलाल ने इस सुविधायुक्त और मजबूत पक्के घर के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति दिल से आभार व्यक्त किया है। छत्तीसगढ़ सरकार का यह संकल्प अब प्रदेश के हजारों बेघर परिवारों के जीवन में खुशहाली और नई उम्मीद का आधार बन रहा है।

