कांग्रेस नेता और पूर्व जिला पंचायत सदस्य समेत 3 गिरफ्तार, महिला से अभद्रता और धमकी के मामले में भेजे गए जेल…NV News
Share this
NV News- Amleshwar Crime Case: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पाटन विधानसभा अंतर्गत अमलेश्वर थाना क्षेत्र से एक बड़ी राजनीतिक और आपराधिक खबर सामने आई है। ग्राम अमलेश्वरडीह में एक महिला के साथ घर में घुसकर अभद्रता करने, अश्लील इशारे करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित और कड़ा एक्शन लिया है। अमलेश्वर थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी व कांग्रेस नेता (पूर्व जिला पंचायत सदस्य) मोरध्वज साहू उर्फ मोनू साहू सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को स्थानीय न्यायालय (कोर्ट) में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा के तहत सीधे जेल भेज दिया गया है।
रात के अंधेरे में कार से पहुंचे थे आरोपी, घर के बाहर की गाली-गलौज
पुलिस से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, घटना 7 जून 2026 की रात लगभग 11 बजे की है। पीड़िता अपने घर पर परिवार के साथ मौजूद थी, तभी कार क्रमांक CG 04 NE 8055 में सवार होकर कुछ लोग उसके घर के सामने आकर रुके और जोर-जोर से गाली-गलौज करने लगे। घर की डोरबेल बजने पर जब महिला बाहर निकली, तो कार सवार पूर्व जिला पंचायत सदस्य मोरध्वज साहू, दीपक वर्मा और जय साहू ने उसके पति उमेश साहू के बारे में पूछताछ शुरू कर दी। महिला का आरोप है कि इस दौरान तीनों ने बेहद अभद्र भाषा का प्रयोग किया, आपत्तिजनक इशारे किए और जान से मारने की धमकी देते हुए जबरन घर के भीतर घुसने की कोशिश की। जब पति बीच-बचाव करने बाहर आए, तो आरोपियों ने उन्हें भी अंजाम भुगतने की धमकी दी।
भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं में केस दर्ज, सुशासन का कड़ा संदेश
घटना के बाद सहमे परिवार ने अमलेश्वर थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 333, 296, 351(3), 79 एवं 3(5) के तहत गैर-जमानती धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया और घेराबंदी कर तीनों को धर दबोचा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार की सुशासन नीति और कलेक्टोरेट-पुलिस प्रशासन के सख्त निर्देशों के तहत, महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में बिना किसी राजनीतिक दबाव के यह कड़ी कार्रवाई की गई है। दुर्ग एसपी ने साफ किया है कि कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वाले और महिलाओं से बदसलूकी करने वाले तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा, चाहे उनका राजनीतिक रसूख कितना भी बड़ा क्यों न हो।

