26/11 के अनसुने नायकों को सलाम: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ‘भारत भाग्य विधाता’ की प्री-लॉन्च स्क्रीनिंग में हुए शामिल; कंगना रनौत का छत्तीसगढ़ में स्वागत…NV News

Share this

NV News- Bharat Bhagya Vidhata Screening Raipur: राजधानी रायपुर के जोरा मॉल में आयोजित फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की प्री-लॉन्च स्क्रीनिंग सेरेमनी में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस खास और गरिमामयी अवसर पर उनकी धर्मपत्नी कौशल्या साय, परिजन, प्रख्यात अभिनेत्री व सांसद कंगना रनौत और फिल्म के निर्देशक मनोज तापड़िया सहित फिल्म जगत से जुड़े कई नामी कलाकार उपस्थित थे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ आगमन पर कंगना रनौत का आत्मीय स्वागत करते हुए कहा कि माता कौशल्या की पावन जन्मभूमि और भगवान श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में उनका हार्दिक अभिनंदन है।

सेवा, साहस और समर्पण की कहानी है ‘भारत भाग्य विधाता’

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने फिल्म की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह फिल्म 26/11 के मुंबई आतंकी हमले के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर सैकड़ों मासूमों की रक्षा करने वाले डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों की अनकही बहादुरी को समर्पित है। उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि फिल्म के निर्देशक मनोज तापड़िया छत्तीसगढ़ की माटी के सपूत हैं, जिन्होंने मुंबई में रहकर इस संवेदनशील विषय पर अद्भुत कहानी लिखी है। फिल्म में कंगना रनौत ने स्वयं एक नर्स की मुख्य भूमिका निभाकर समाज के इन असली और अनसुने नायकों (रियल हीरोज) के योगदान को देश के सामने लाने का सराहनीय कार्य किया है। मुख्यमंत्री ने यह भी साझा किया कि इस फिल्म को ‘भारत भाग्य विधाता’ नाम स्वयं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया है।

आपातकालीन सेवाओं के रियल वॉरियर्स का हुआ कलेक्टोरेट-प्रशासन स्तर पर सम्मान

स्क्रीनिंग के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ में आपातकालीन परिस्थितियों में अपनी उत्कृष्ट और अद्वितीय सेवाएं देने वाले ‘भारत भाग्य विधाता वॉरियर्स’ (स्वास्थ्यकर्मियों) को मंच पर सम्मानित किया। सम्मानित होने वाले वीर नायकों में जागेश्वर कुमार धीवर, नारायण सिंह नायक, भुनेश्वरी तिवारी, रोहिणी वर्मा, उर्मिला भगत, रोशनी, विजय शंकर कश्यप, मीना सिंह, ममता कपूर, मीना शर्मा, जमुनाबाई, लक्ष्मी मेनन और विजया लक्ष्मी पिल्लई शामिल रहे।

इस अवसर पर अभिनेत्री कंगना रनौत ने छत्तीसगढ़ सरकार के सुशासन और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के बेटे मनोज तापड़िया के आग्रह पर यहां स्क्रीनिंग रखना उनके लिए बेहद गर्व की बात है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, लक्ष्मी वर्मा, रूप कुमारी चौधरी, विभिन्न विधायकगण और कलेक्टोरेट व जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Share this

You may have missed