पचपेड़ी नाका का KFC हुआ था सील: 50 हजार का ई-चालान और सफाई के बाद खुली सील, नगर निगम की बड़ी कार्रवाई…NV News
Share this
NV News- रायपुर: राजधानी रायपुर में स्वच्छता और नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ नगर निगम और जिला प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। ‘टीम प्रहरी अभियान’ के तहत पचपेड़ी नाका स्थित सुप्रसिद्ध फूड आउटलेट केएफसी (KFC) में भारी गंदगी और नियमों की अनदेखी पाए जाने पर नगर निगम ने उसे सीलबंद कर दिया था। अब केएफसी संचालक पर 50 हजार रुपये का भारी-भरकम ई-चालान ठोकने और उनसे पूरी गंदगी साफ करवाने के बाद, भविष्य के लिए कड़ी चेतावनी देकर सील खोलने की कार्रवाई की गई है।
यह बड़ी कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला और रायपुर जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेशानुसार तथा नगर पालिक निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर की गई। नगर निगम स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही के मार्गनिर्देशन में जोन स्वास्थ्य अधिकारी अमित बेहरा, रवि लावनिया, संदीप वर्मा, आदिव्य हजारी, जोन 10 स्वच्छता निरीक्षक यशवंत बेरिहा और नगर निवेश उड़नदस्ता टीम ने जनशिकायतों के बाद केएफसी का औचक निरीक्षण किया था।
निरीक्षण के दौरान केएफसी के भीतर अत्यधिक गंदगी मिली थी। इसके अलावा, आउटलेट के किचन का पाइप सीधे सार्वजनिक नाली में जोड़ा गया था और केएफसी का कचरा व प्रतिबंधित प्लास्टिक बाहर सार्वजनिक नाली में फेंका पाया गया था। नगर निगम द्वारा पूर्व में दी गई नोटिस का केएफसी प्रबंधन ने कोई जवाब नहीं दिया था और न ही ‘ठस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026’ के तहत सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) की कोई उचित व्यवस्था की थी। इस लापरवाही पर उड़नदस्ता टीम ने पिछले दिनों त्वरित कार्रवाई करते हुए केएफसी को तत्काल सीलबंद कर दिया था।
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर आज स्वास्थ्य विभाग की टीम ने केएफसी पचपेड़ी नाका के संबंधित संचालक से 50 हजार रुपये का ई-चालान वसूल किया। इसके साथ ही केएफसी प्रबंधन के खर्चे पर ही वहां फैली पूरी गंदगी और नाली की सफाई करवाई गई। अधिकारियों ने आउटलेट संचालक को सख्त हिदायत दी है कि भविष्य में यदि दोबारा ऐसी गंदगी या नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो बिना किसी रियायत के सीधे लाइसेंस रद्द करने जैसी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चेतावनी और जुर्माने के बाद अंततः प्रतिष्ठान की सील खोल दी गई।

