बड़ा धोखा: रिश्तेदार ने हड़पे 23 लाख रुपये और 6.50 एकड़ जमीन, न्याय न मिलने पर बुजुर्ग महिला ने मांगी इच्छा मृत्यु…NV News

Share this

NV News- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से रिश्तों को तार-तार करने और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां के कोटा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बेलगहना में रहने वाली एक बुजुर्ग महिला बालकुंवर बसोर ने अपनी जीवनभर की जमा पूंजी और पैतृक जमीन वापस पाने के लिए दर-दर की ठोकरें खाई हैं। लेकिन हर जगह से निराशा हाथ लगने के बाद अब उन्होंने देश के प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री से इच्छा मृत्यु की अनुमति मांगी है।

बुजुर्ग महिला का आरोप है कि उनके एक दूर के रिश्तेदार ने उनके सीधेपन और लाचारी का फायदा उठाकर उनके साथ बहुत बड़ा छल किया है। पीड़ित महिला के अनुसार, उस शातिर रिश्तेदार ने धोखे और जालसाजी से उनके बैंक खाते में जमा जीवनभर की गाढ़ी कमाई के 23 लाख रुपये निकाल लिए। इतना ही नहीं, आरोपी ने फर्जीवाड़ा करते हुए बुजुर्ग महिला की करीब 6.50 एकड़ की कीमती जमीन भी चालाकी से अपने नाम पर करवा ली।

इस धोखाधड़ी का पता चलने के बाद पीड़ित बुजुर्ग महिला ने अपनी जमीन और पैसे वापस पाने के लिए स्थानीय थाने से लेकर जिले के आला अधिकारियों तक न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने दफ्तरों के चक्कर काटे और आवेदन सौंपे, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों और पुलिस प्रशासन द्वारा मामले में कोई ठोस दंडात्मक कार्रवाई नहीं की गई। शासन-प्रशासन की इस घोर सुस्ती और उपेक्षा ने बुजुर्ग महिला को भीतर से पूरी तरह तोड़कर रख दिया है।

पाई-पाई के लिए तरस रहीं बालकुंवर बसोर ने आखिरकार थक-हारकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने का मन बना लिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर न्याय दिलाने या फिर इच्छा मृत्यु की वैधानिक अनुमति देने की मांग की है। एक बुजुर्ग महिला द्वारा इच्छा मृत्यु मांगे जाने की खबर सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और अब पुलिस महकमे के अधिकारी इस पूरे मामले की नए सिरे से जांच करने की बात कह रहे हैं।

Share this

You may have missed