News- स्वच्छ सर्वेक्षण 2026: 1कमिश्नर सख्त, लापरवाही पर ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट…NV News
Share this
NV News- रायपुर नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 की तैयारियों को लेकर कड़ा रुख अपना लिया है। मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आयुक्त ने निर्देश दिए हैं कि यदि सफाई में लापरवाही मिली, तो संबंधित ठेकेदार का अनुबंध निरस्त कर उसे ब्लैकलिस्ट (काली सूची) में डाल दिया जाएगा। साथ ही, लचर व्यवस्था के लिए जोन स्वास्थ्य अधिकारियों (ZHO) और स्वच्छता निरीक्षकों पर भी कड़ी अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
अगले 15 दिनों के लिए विशेष अभियान की घोषणा करते हुए आयुक्त ने कहा कि पूरा सफाई अमला अब टेबल छोड़कर फील्ड पर नजर आएगा। शहर के तालाबों, उद्यानों और नालियों की सफाई की सतत मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने विशेष रूप से जोर दिया कि नालियों की सफाई के बाद निकाला गया कचरा 24 घंटे के भीतर सड़क से उठ जाना चाहिए, ताकि गंदगी दोबारा न फैले। “शहर में कहीं भी कूड़े के ढेर नहीं दिखने चाहिए,” यह आयुक्त का स्पष्ट संदेश है।
जनता की समस्याओं के समाधान के लिए निदान 1100 हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। आयुक्त ने सभी 10 जोनों के स्वास्थ्य अमले को वार्ड पार्षदों और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर स्वच्छता जनजागरण अभियान चलाने को कहा है। बैठक में अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय और स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही सहित सभी जोन अधिकारी मौजूद रहे। रायपुर को देश के स्वच्छ शहरों की सूची में शीर्ष पर लाने के लिए अब नगर निगम पूरी तरह एक्शन मोड में है।
