गौशाला शेड निर्माण के लिए नपा अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने किया भूमिपूजन, समय पर काम पूरा करने के निर्देश…NV News
Share this
NV News मुंगेली-नगर पालिका मुंगेली के अंतर्गत रेहूंटा गांव मार्ग पर स्थित गौशाला में गौवंश की सुरक्षा और बेहतर रखरखाव के लिए शेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने मंगलवार को इस महत्वपूर्ण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। इस शेड के बन जाने से बेसहारा गौवंश को भीषण गर्मी और आने वाले बारिश के मौसम में एक सुरक्षित व व्यवस्थित आश्रय मिल सकेगा, जिससे उन्हें मौसम की मार से राहत मिलेगी।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने अपने विशेष मद से 9 लाख 53 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की है। भूमिपूजन के बाद अध्यक्ष ने कार्यस्थल पर मौजूद ठेकेदार आनंद मिश्रा और संबंधित इंजीनियर को कड़े निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को तय समय-सीमा के भीतर ही पूरा किया जाए। उन्होंने साफ किया कि कार्य की गुणवत्ता में किसी भी तरह की लापरवाही या समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अधिकारियों को इसकी लगातार निगरानी करने को कहा।
इस अवसर पर पार्षद विनय चोपड़ा, पार्षद प्रतिनिधि मकबूल खान, राजेश छेदइया, धीरज पाण्डेय और बबलू सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे। रेहूंटा मार्ग पर गौशाला शेड के निर्माण की पहल का स्थानीय नागरिकों ने स्वागत किया है और नगर पालिका अध्यक्ष के इस कदम की सराहना की है। इस निर्माण से शहर में आवारा घूम रहे गौवंश को एक स्थाई और सुरक्षित ठिकाना मिल सकेगा।
