Mungeli :एकतरफा कार्रवाई के आरोपों के बीच गौ सेवा धाम ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग
Share this
NV News mungeli : मुंगेली (छत्तीसगढ़)। जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र में हुई एक विवादित घटना को लेकर अब निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है। मामले में पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपते हुए आरोप लगाया है कि कार्रवाई केवल एक ही व्यक्ति के खिलाफ की गई है, जबकि घटना में कई लोग शामिल थे।

जानकारी के अनुसार, 28 मई की रात बरेला गांव में लगभग 8 से 10 लोगों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई थी। इस विवाद में अभय ठाकुर, पिता राजकुमार सिंह, उम्र 19 वर्ष, निवासी बरेला भी शामिल थे। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि विवाद में नगर पंचायत अध्यक्ष नरेश पटेल के शामिल होने का भी आरोप लगाया गया है।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना के बाद थाना जरहागांव द्वारा की गई कार्रवाई में केवल अभय ठाकुर के खिलाफ ही कानूनी कार्रवाई की गई, जबकि अन्य कथित शामिल लोगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे पूरे मामले की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं।
आवेदन में यह भी दावा किया गया है कि अभय ठाकुर लंबे समय से गौ सेवा और गौ रक्षा के कार्यों में सक्रिय हैं और उन्होंने कई बार प्रशासन को गौ तस्करी से जुड़ी जानकारी भी दी है। ऐसे में उन्हें जानबूझकर फंसाए जाने की आशंका जताई गई है।
पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा सभी पक्षों के खिलाफ समान रूप से कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, यदि जांच में किसी अधिकारी की भूमिका में पक्षपात या अधिकारों के दुरुपयोग की पुष्टि होती है, तो उनके खिलाफ भी सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाए।
फिलहाल मामला जांच की मांग को लेकर चर्चा में है और प्रशासनिक स्तर पर आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।

