ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से हथियार मंगाने और सोशल मीडिया पर फोटो डालने वाले बदमाश गिरफ्तार

Share this

दुर्ग। जिले में लगातार बढ़ रहे अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए दुर्ग पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने उन बदमाशों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की है जो ऑनलाइन प्लेटफॉर्म जैसे अमेज़ॉन, फ्लिपकार्ट और मीशो से घातक धारदार हथियार मंगाकर सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो पोस्ट कर रहे थे। इन पोस्ट्स से आम जनता में भय का माहौल बन रहा था।

पुलिस ने इस अभियान के तहत आदतन चाकूबाजों, गुंडों और निगरानी बदमाशों की धरपकड़ की। पुलगांव चौकी क्षेत्र से दो और मोहन नगर थाना क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। तीनों आरोपियों के पास से धारदार चाकू जब्त किए गए हैं और उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

वहीं सोशल मीडिया पर चाकू और तलवार के साथ फोटो अपलोड करने वालों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए गए हैं। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में पुलिस ने शेख अलराज, रवि विश्वकर्मा, अरबाज अली, एस. वामसी राव, आसिफ अली, अवनीश और मोहित बंजारे सहित सात युवकों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। सोशल मीडिया पर भय फैलाने या अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Share this

You may have missed