PUBLIC CONSTITUENCY : मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भटगांव के गांवों में किया डोर-टू-डोर जनसंपर्क; बोलीं- अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता!…NV News
Share this
NV News, रायपुर: महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने आज सूरजपुर जिले के भटगांव विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कमलपुर, पहाड़गांव एवं पण्डोनगर का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित करने के लिए डोर-टू-डोर जनसंपर्क कार्यक्रम चलाया। मंत्री खुद घर-घर पहुंचीं और ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी जमीनी समस्याएं सुनीं और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
जनसंपर्क के दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में केंद्र एवं राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान और समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि हमारी सरकार का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी पात्र हितग्राही इससे वंचित न रहे।
इस अभियान के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली, आवास तथा अन्य स्थानीय आवश्यकताओं से संबंधित कई महत्वपूर्ण मुद्दे और शिकायतें मंत्री के समक्ष उठाईं। इन सभी विषयों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने और समस्याओं का त्वरित व समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

