खौफनाक वारदात: थप्पड़ का जवाब थप्पड़ से देने पर पति ने कुल्हाड़ी से काटा पत्नी का गला,…NV News
Share this
NV News- छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के नागपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत आने वाले बरबसपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ मंगलवार की रात एक सनकी पति ने अपनी ही पत्नी की कुल्हाड़ी से गला काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। हत्या की इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके पर ही मौजूद रहा, जिसकी सूचना आरोपी के परिजनों ने तत्काल स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।
पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपी पति को अपनी पत्नी के चरित्र पर लंबे समय से शक था। उसे अंदेशा था कि उसकी पत्नी अन्य गैर-मर्दों से मोबाइल पर बातचीत करती है, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। मंगलवार की रात भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर बहस शुरू हुई। इसी बीच जब पति ने अपनी पत्नी से रात का खाना मांगा, तो पत्नी ने खाना परोसने से साफ मना कर दिया। इस बात पर आगबबूला होकर पति ने पत्नी को एक जोरदार थप्पड़ जड़ दिया।
थप्पड़ खाकर चुप बैठने के बजाय पत्नी ने भी पलटवार करते हुए पति को वापस थप्पड़ मार दिया। पत्नी द्वारा खुद पर हाथ उठाए जाने से पति का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उसने घर में रखी धारदार कुल्हाड़ी उठा ली। गुस्से में अंधे हो चुके पति ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए और उसका गला काटकर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

