विवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी: मायके वालों का आरोप- दहेज के लिए प्रताड़ित कर मार डाला…NV News

Share this

NV News अंबिकापुर: सरगुजा जिले के मैनपाट अंतर्गत कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र से एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस रहस्यमयी घटना के बाद से ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतिका की संदिग्ध मौत की खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग भारी संख्या में मौके पर पहुंचे, जिसके बाद से ही परिजनों और रिश्तेदारों में ससुराल वालों के खिलाफ गहरा आक्रोश देखा जा रहा है।

घटना को लेकर मृतिका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का सीधा कहना है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसे कम दहेज लाने के ताने देते थे और शारीरिक व मानसिक रूप से लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। मायके वालों ने आरोप लगाया है कि इसी प्रताड़ना के चलते उनकी बेटी की हत्या की गई है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों को गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की पुरजोर मांग की है।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कमलेश्वरपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया है और पंचनामा की औपचारिकताएं पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर लिया है और ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Share this

You may have missed