छत्तीसगढ़ को बड़ी सौगात: राज्य में खुलेंगे 5 नए सरकारी मेडिकल कॉलेज, 250 एमबीबीएस सीटों को मिली मंजूरी….NV News

Share this

NV News रायपुर: छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य अधोसंरचना के विकास को लेकर एक बड़ा और ऐतिहासिक पड़ाव सामने आया है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने राज्य के पांच महत्वपूर्ण क्षेत्रों— गीदम (दंतेवाड़ा), कुनकुरी (जशपुर), मनेन्द्रगढ़, जांजगीर-चांपा और कबीरधाम में 50-50 एमबीबीएस सीटों के साथ नए शासकीय मेडिकल कॉलेजों की स्थापना को मंजूरी दे दी है। आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शुरू होने वाले इन कॉलेजों के माध्यम से प्रदेश में एक साथ कुल 250 नई एमबीबीएस सीटों का विस्तार होगा। इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा के प्रति समस्त छत्तीसगढ़वासियों की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस बड़ी सौगात को राज्य के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में स्वास्थ्य और शिक्षा सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने रेखांकित किया कि कभी नक्सल हिंसा से प्रभावित रहे बस्तर के गीदम से लेकर उत्तर छत्तीसगढ़ के सुदूर आदिवासी वनांचल कुनकुरी तक मेडिकल कॉलेजों का जाल बिछना इस बात का जीवंत प्रमाण है कि डबल इंजन सरकार विकास के अवसरों को प्रदेश के अंतिम छोर तक पहुँचा रही है। इस पहल से न केवल स्थानीय युवाओं को अपने ही राज्य में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा के अधिक अवसर उपलब्ध होंगे, बल्कि दूरस्थ अंचलों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता भी तेजी से बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि ये नए मेडिकल कॉलेज केवल शैक्षणिक संस्थान मात्र नहीं होंगे, बल्कि चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं के सशक्त केंद्र के रूप में उभरेंगे। इससे ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को बेहतर इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने संकल्प दोहराया कि राज्य सरकार का लक्ष्य एक ऐसा सुदृढ़, समावेशी और आधुनिक स्वास्थ्य तंत्र विकसित करना है, जहाँ प्रदेश का कोई भी होनहार युवा डॉक्टर बनने के अपने सपने से वंचित न रहे और हर नागरिक को उत्कृष्ट व सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

Share this