मुंगेली में बड़ा सड़क हादसा: पुलिस बोलेरो ने बाइक सवार नाबालिगों को मारी टक्कर, नहर में पलटी; 8 लोग गंभीर
Share this
NV News mungeli: मुंगेली। जिले के लालपुर थाना के सामने सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, पुलिसकर्मियों से भरी बोलेरो और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद अनियंत्रित हुई बोलेरो सड़क किनारे नहर में जा गिरी और पलट गई।

हादसे के समय बोलेरो में पांच पुलिसकर्मी सवार थे, जबकि बाइक पर तीन नाबालिग युवक सवार थे। तीनों नाबालिग मुंगेली जिले के ग्राम बैइहाकापा के निवासी बताए जा रहे हैं। दुर्घटना में बोलेरो सवार पांच पुलिसकर्मियों सहित कुल आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो ने पहले बाइक सवारों को टक्कर मारी, जिसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरा और पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही एंबुलेंस और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल नहर से बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका उपचार जारी है।

