सनसनीखेज वारदात: घरेलू नौकरानी ने पति और जीजा के साथ मिलकर उड़ाए 12 लाख के जेवरात…NV News

Share this

NV News- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र से घरेलू नौकरों द्वारा की जाने वाली चोरी की एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां घर के कामकाज के लिए रखी गई एक महिला नौकरानी ने अपने ही मालिक के भरोसे का कत्ल करते हुए अलमारी में रखे लाखों के जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया। इस बड़ी चोरी को अंजाम देने में नौकरानी अकेली नहीं थी, बल्कि उसने अपने पति और जीजा के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी। पीड़ित परिवार की शिकायत के बाद हरकत में आई दुर्ग पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू की और संदेह के घेरे में आई नौकरानी को हिरासत में लिया।

पुलिस द्वारा की गई मनोवैज्ञानिक और कड़ी पूछताछ के सामने तीनों आरोपी ज्यादा देर टिक नहीं सके। आरोपी नौकरानी मालती ध्रुव, उसके पति देवीलाल ध्रुव और जीजा हेमलाल मंडावी ने मिलकर चोरी की इस वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर लें है। आरोपियों ने बताया कि घर के सदस्यों की नजरें बचते ही उन्होंने अलमारी का ताला खोलकर बड़ी सफाई से सोने-चांदी के कीमती आभूषणों को पार कर दिया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों के पास से शत-प्रतिशत मशरूका बरामद करने में सफलता हासिल की है।

नेवई थाना पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने और चांदी के भारी जेवरात, चोरी के पैसों से खरीदी गई एक स्कूटी, वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन और नकदी समेत कुल 12.22 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। पुलिस ने तीनों शातिर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस घटना के बाद दुर्ग पुलिस ने एक बार फिर आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों में किसी भी बाहरी व्यक्ति या नौकर को काम पर रखने से पहले उसका स्थानीय पुलिस वेरिफिकेशन (चरित्र सत्यापन) अनिवार्य रूप से करवाएं।

Share this

You may have missed