Bhilai Steel Plant Scrap Case: स्क्रैप चोरी मामले की जांच अब CBI करेगी, राजपत्र में अधिसूचना जारी…NV News

Share this

NV News दुर्ग। भिलाई इस्पात संयंत्र से जुड़े स्क्रैप चोरी मामले में अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) जांच करेगा। मामले में केंद्रीय जांच की मांग के बाद गृह मंत्रालय की ओर से राजपत्र में अधिसूचना जारी किए जाने की जानकारी सामने आई है। यह मामला पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में दर्ज है।

26 मई को फैक्ट्री में हुई थी कार्रवाई

मामले की शुरुआत 26 मई को हुई कार्रवाई से हुई थी। दुर्ग पुलिस ने हथखोज के औद्योगिक क्षेत्र स्थित ए.के. ट्रेडर्स में छापा मारा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 3 करोड़ 20 लाख रुपये कीमत के वाहन और लगभग 90 लाख रुपये मूल्य का 250 टन स्क्रैप बरामद किए जाने की जानकारी दी थी।

अब तक 19 लोगों की गिरफ्तारी

स्क्रैप चोरी मामले में पुलिस अब तक 19 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें संजय सिंह समेत पांच आरोपियों को जमानत मिल चुकी है, जबकि तीन कारोबारियों को अग्रिम जमानत मिलने की जानकारी है। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने अलग-अलग स्तर पर कार्रवाई की थी।

केंद्रीय जांच की लगातार उठ रही थी मांग

मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक रिकेश सेन की ओर से इसकी जांच केंद्रीय एजेंसी से कराने की मांग की जा रही थी। अब गृह मंत्रालय की राजपत्र अधिसूचना के बाद मामले की जांच CBI को सौंपे जाने का रास्ता साफ हो गया है। CBI जांच में मामले से जुड़े तथ्यों, बरामद स्क्रैप और कथित चोरी के नेटवर्क की विस्तृत पड़ताल की जा सकती है।

Share this