दिल्ली के लाल किला मैदान में जुटेंगे देशभर के लाखों वनवासी: लोरमी से रवाना हुआ 56 सदस्यों का दल, इस संस्था ने किया अनोखा स्वागत!…NV News
Share this
NV News- लोरमी: देश की राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला मैदान में 24 मई को आयोजित होने वाले विशाल सांस्कृतिक समागम में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले से जनजाति समाज के 56 भाई-बहनों का एक बड़ा दल लोरमी से रवाना हुआ है। इस भव्य राष्ट्रीय समागम में देश के गृहमंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जहां देशभर से लाखों की संख्या में जनजाति समाज के लोग अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। लोरमी से निकला यह दल बस के माध्यम से बिलासपुर पहुंचेगा और वहां से ट्रेन द्वारा दिल्ली के लिए अपनी यात्रा पूरी करेगा।

भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बावजूद वनवासी भाई-बहनों में अपनी सांस्कृतिक धरोहर को प्रदर्शित करने के लिए भारी उत्साह देखा जा रहा है। यात्रियों के इस जज्बे को सलाम करते हुए सामाजिक संस्था ‘प्रयास अ स्माल स्टेप फाउंडेशन’ की टीम ने लोरमी में उनका भव्य स्वागत किया। यात्रा के दौरान कोई असुविधा न हो, इसके लिए फाउंडेशन की टीम ने सभी यात्रियों को तिलक लगाया, गमछा पहनाकर अभिनंदन किया और भीषण गर्मी को देखते हुए तुरंत राहत के लिए सूखे नाश्ते के पैकेट व फ्रूटी का वितरण कर उन्हें मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

प्रयास फाउंडेशन की टीम ने जनजाति समाज की जागरूकता की सराहना करते हुए कहा कि अपनी हजारों वर्ष पुरानी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं के संरक्षण के लिए इस भीषण तपन में भी वनवासियों का उत्साह अनुकरणीय है। संस्था ने यात्रियों को आश्वस्त किया है कि दिल्ली में भी उनकी टीम लगातार सहयोग के लिए उपलब्ध रहेगी, ताकि उन्हें किसी भी समस्या का सामना न करना पड़े। इस आत्मीय विदाई और सहयोग के लिए जनजाति समाज के लोगों ने भावुक होकर संस्था का आभार जताया और सुरक्षित यात्रा के लिए प्रस्थान किया।

