‘मैगी राजनीति’ से नहीं छिपेगी कांग्रेस की गुटबाजी, राहुल गांधी का छत्तीसगढ़ दौरा सिर्फ दिखावा: वनमंत्री केदार कश्यप…NV News
Share this
NV News Raipur: छत्तीसगढ़ के वनमंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रदेश दौरे पर तीखा हमला बोलते हुए इसे एक राजनीतिक नौटंकी करार दिया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की यह यात्रा केवल दिखावा और कांग्रेस के भीतर चल रही तीव्र गुटबाजी को छिपाने का एक असफल प्रयास थी। प्रशिक्षण शिविर के नाम पर आयोजित इस पूरे कार्यक्रम में न तो छत्तीसगढ़ की जनता की बुनियादी समस्याओं पर कोई बात की गई और न ही विकास को लेकर विपक्ष की ओर से कोई ठोस रणनीति सामने रखी गई।
केदार कश्यप ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी कुछ घंटों के लिए राज्य में आए और कैमरों के सामने प्रतीकात्मक गतिविधियों में व्यस्त रहकर चले गए, जिसे उन्होंने ‘मैगी राजनीति’ और फोटो खिंचाने का जरिया बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा अपने ही नेताओं को एकजुट रहने की नसीहत देना इस बात का साफ सबूत है कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस में आंतरिक कलह और नेतृत्व का संकट चरम पर है। कश्यप ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने देश और प्रदेश की गंभीर राजनीति को मनोरंजन का माध्यम बना दिया है।
वनमंत्री ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जनता आज भी उनके कार्यकाल में हुए शराब, कोयला, भर्ती और महादेव ऐप जैसे बड़े घोटालों को भूली नहीं है। सत्ता में रहते हुए जिन्होंने छत्तीसगढ़ को कमीशनखोरी का केंद्र बना दिया था, उनके पास आज विपक्ष में रहते हुए भी जनता के लिए कोई सकारात्मक एजेंडा नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन और विकास कार्यों का मुकाबला करने में नाकाम कांग्रेस अब केवल दिखावटी राजनीति और राजनीतिक पिकनिक का सहारा ले रही है, जिसे राज्य की समझदार जनता अच्छे से समझती है।

