बड़ी सौगात: कचना रेलवे ओवरब्रिज का हुआ लोकार्पण, वर्षों पुराने जाम के झाम से लाखों लोगों को मिलेगी परमानेंट मुक्ति!…NV News
Share this
NV News- राजधानी रायपुर के निवासियों के लिए आज का दिन एक बड़ी सौगात लेकर आया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कचना रेलवे ओवरब्रिज का भव्य लोकार्पण कर इसे आम जनता को समर्पित कर दिया है। 48.78 करोड़ रुपये की लागत से बने इस 787 मीटर लंबे और 13 मीटर चौड़े ओवरब्रिज के शुरू होने से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था बेहद सुदृढ़ हो जाएगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने 22.79 करोड़ रुपये की लागत से पूरे हुए शंकर नगर-खम्हारडीह-कचना मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का भी उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में आधारभूत संरचना के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

इस ओवरब्रिज के बन जाने से कचना रेलवे फाटक पर सालों से लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम से लाखों लोगों को हमेशा के लिए राहत मिल जाएगी। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने इस ब्रिज को कचना और रायपुर को जोड़ने वाली ‘जीवनरेखा’ बताया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में लगभग 25 बड़ी कॉलोनियां स्थित हैं, जिन्हें अब शहर से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। इसके अलावा बिलासपुर और बलौदाबाजार की ओर आने-जाने वाले वाहनों को भी सुगम और निर्बाध रास्ता मिलेगा, जिससे समय और ईंधन दोनों की भारी बचत होगी। केंद्रीय सड़क निधि योजना के तहत स्वीकृत इस परियोजना के पूरा होने से स्कूल-कॉलेज के छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और स्थानीय व्यापारियों में भारी खुशी है।
लोकार्पण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सरकार की अन्य प्राथमिकताओं का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में ‘सुशासन तिहार’ के तहत समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां वे खुद अचानक गांवों में पहुंचकर चौपाल के जरिए जनता की समस्याएं सुन रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने बस्तर क्षेत्र में नक्सल समस्या के खात्मे की दिशा में मिल रही ऐतिहासिक सफलता और दूरस्थ गांवों के विकास के लिए चलाई जा रही ‘नियद नेल्लानार योजना’ की प्रगति की भी जानकारी दी। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे और कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

