सिमडेगा में मानवता शर्मसार, सगाई समारोह से नाबालिग लड़की को अगवा कर 3 युवकों ने किया गैंगरेप, सभी आरोपी गिरफ्तार…NV News
Share this
NV News- झारखंड के सिमडेगा जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जिले के कुरडेग थाना क्षेत्र में छत्तीसगढ़ से एक सगाई समारोह (तिलक कार्यक्रम) में शामिल होने आई एक नाबालिग लड़की को अपराधियों ने अपनी हैवानियत का शिकार बनाया। घटना के वक्त पीड़िता समारोह में मौजूद थी, जहाँ से तीन दरिंदों ने उसे जबरन अगवा कर लिया। आरोपी उसे उठाकर एक सूनसान जगह पर ले गए और वहां नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश और हड़कंप मच गया है।
दिल दहला देने वाली इस वारदात की जानकारी मिलते ही सिमडेगा पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर कुरडेग थाना में तत्काल मामला दर्ज किया गया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन या गया। पुलिस ने त्वरित और कड़ी कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर तीनों नामजद आरोपियों को अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर धर दबोचा। पुलिस की मुस्तैदी के कारण वारदात में शामिल सभी आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं और पुलिस ने उन्हें जेल भेज दिया है।
इस जघन्य अपराध को लेकर पुलिस प्रशासन बेहद गंभीर है। सिमडेगा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, घटना की गंभीरता को देखते हुए इस मामले की स्पीडी ट्रायल (त्वरित सुनवाई) कराई जाएगी, ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द उनके किए की सख्त सजा दिलाई जा सके। वहीं, दूसरी ओर पीड़ित नाबालिग लड़की को चिकित्सीय सहायता और काउंसिलिंग दी जा रही है। छत्तीसगढ़ से आई नाबालिग के साथ झारखंड में हुई इस वारदात ने एक बार फिर शादियों और पारिवारिक समारोहों में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

