Hospital Controversy: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आधी रात हंगामा; एंबुलेंस न मिलने पर भड़का विवाद, कर्मचारियों से दुर्व्यवहार का आरोप…NV News

Share this

NV News भानुप्रतापपुर/कांकेर न्यूज़: कांकेर जिले का भानुप्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एक बार फिर विवादों के घेरे में है। शनिवार देर रात अस्पताल में तैनात स्वास्थ्य कर्मियों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। घटना से आक्रोशित अस्पताल के कर्मचारी विरोध जताते हुए थाने पहुँचे और शिकायत दर्ज कराई। कर्मचारियों के थाने जाने से कुछ समय के लिए अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाएं भी प्रभावित रहीं।

जानिए क्या है पूरा मामला:

रेफर के बाद एंबुलेंस की किल्लत: शनिवार रात करीब 9:30 बजे एक बीमार बच्ची को इलाज के लिए भानुप्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्ची की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल कांकेर रेफर कर दिया।

3 घंटे का इंतजार और हंगामा: परिजनों का गंभीर आरोप है कि रात 12 बजे तक (लगभग 3 घंटे) बच्ची को कांकेर ले जाने के लिए 108 एंबुलेंस या कोई अन्य वाहन उपलब्ध नहीं कराया जा सका। समय पर एंबुलेंस न मिलने से बच्ची की बिगड़ती हालत देख परिजन आक्रोशित हो गए।

दुर्व्यवहार का आरोप: एंबुलेंस की देरी को लेकर परिजनों और अस्पताल स्टाफ के बीच तीखी बहस हो गई। स्वास्थ्य कर्मचारियों का आरोप है कि परिजनों ने उनके साथ दुर्व्यवहार और बदसलूकी की, जिसके विरोध में उन्होंने पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है, वहीं क्षेत्र में 108 एंबुलेंस सेवा की बदहाली को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।

Share this

You may have missed