Hanuman Ansh Film News: CM साय ने परिवार संग देखी फिल्म, छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने का ऐलान…NV News
Share this
NV News रायपुर, 10 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी के जोरा मॉल स्थित सिनेमाघर में सपरिवार फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। इस दौरान राज्यपाल रमेन डेका और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी अपने परिवार के साथ मौजूद रहे। मंत्रिपरिषद के सदस्यों और विभिन्न निगम-मंडल-आयोगों के अध्यक्षों ने भी फिल्म का प्रदर्शन देखा।
फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने ‘हनुमान अंश’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा से समाज को परिचित कराने वाली प्रेरणादायी फिल्मों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना चाहिए। टैक्स फ्री होने से प्रदेश के ज्यादा दर्शकों, विशेषकर युवाओं को भारतीय संत परंपरा और उससे जुड़े जीवन मूल्यों को समझने का अवसर मिलेगा।
नीम करौली बाबा के जीवन को बताया प्रेरणादायी
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की संत परंपरा ने सदैव समाज को सत्य, सेवा, करुणा, प्रेम और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाया है। संतों ने अपने जीवन के माध्यम से मानवता और लोककल्याण का संदेश दिया है। उन्होंने नीम करौली बाबा के जीवन को इसी परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण बताते हुए कहा कि उनका जीवन मानव सेवा, प्रेम और भक्ति की भावना को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि नीम करौली बाबा ने सरल जीवन और सहज विचारों के माध्यम से सेवा, प्रेम और भक्ति का संदेश दिया। मानवता तथा सभी के प्रति समान भाव उनके विचारों का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा और यह संदेश आज भी समाज के लिए प्रासंगिक है।
नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने का माध्यम है सिनेमा
मुख्यमंत्री ने फिल्म के निर्माता, निर्देशक, कलाकारों और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि विचार, संस्कार और प्रेरणा को समाज तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम भी है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा पर आधारित सकारात्मक फिल्में नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और मानवीय मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। सेवा, करुणा, सद्भाव और मानव कल्याण जैसे मूल्यों को आगे बढ़ाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
नीम करौली बाबा की आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित है फिल्म
‘हनुमान अंश’ नीम करौली बाबा के जीवन, उनकी आध्यात्मिक यात्रा तथा सेवा और भक्ति के संदेश पर आधारित फिल्म है। मुख्यमंत्री के अनुसार, ऐसे विषय भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा के सकारात्मक पक्ष को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करते हैं।
- इस अवसर पर मंत्रिपरिषद के सदस्य, विभिन्न निगम-मंडल-आयोगों के अध्यक्ष और अन्य गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।

