CG BREAKING: छत्तीसगढ़ में दिनदहाड़े खूनी खेल, कोटमी के भरे बाजार में ज्वेलरी व्यवसायी को मारी गोली, लूट के बाद हुई मौत से सनसनी…NV News
Share this
NV News- छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (GPM) जिले से एक बेहद सनसनीखेज और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली बड़ी वारदात सामने आई है। जिले के कोटमी गांव के भरे बाजार में मंगलवार को दिनदहाड़े अज्ञात हथियारबंद लुटेरों ने एक ज्वेलरी व्यवसायी को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस खूनी हमले में ज्वेलरी व्यवसायी प्रदीप सोनी गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस दुस्साहसिक हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।
मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार, व्यवसायी प्रदीप सोनी रोज की तरह कोटमी बाजार स्थित अपनी दुकान पर थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे बाइक सवार लुटेरों ने दुकान में घुसकर लूटपाट की नीयत से उन पर हमला कर दिया। जब व्यवसायी ने लूट का विरोध करने का प्रयास किया, तो बेखौफ बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरे जेवरात और नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए। बाजार के बीचो-बीच हुई इस फायरिंग और हत्या की घटना से आसपास के व्यापारियों और आम लोगों में भारी आक्रोश है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कोटमी गांव और घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच चुके हैं और पूरे जिले में नाकाबंदी कर दी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगालने के साथ ही चश्मदीदों से पूछताछ कर रही है ताकि फरार लुटेरों का सुराग लगाया जा सके। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने व्यापारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

