दुर्गा नवमीं पूजा में बकरे की बलि के दौरान हथियार छिटककर बच्चे के गले में लगी, हुई मौत एफआईआर दर्ज़, जाने पूरा मामला- नववर्ष न्यूज

Share this

N.V.News रांची: झारखंड के गुमला जिला अंतर्गत घाघरा थाना क्षेत्र के लालपुर गांव में दुर्गा नवमी पर बकरे की बलि के दौरान दर्दनाक हादसा हुआ। जिस धारदार हथियार से बकरे की बलि दी जा रही थी, वह छिटककर पास खड़े तीन साल उम्र के एक बालक को जा लगा। लहूलुहान बालक की इलाज के लिए अस्पताल ले जाए जाने के दौरान मौत हो गई। इस हादसे से पूरे गांव में पूजा का उत्साह मातम में बदल गया।

मृत बच्चे का नाम विमल उरांव है। उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि गांव के दुर्गा पूजा मंडप में परंपरा के अनुसार बकरों की बलि दी जा रही थी। दो बकरों की बलि दी जा चुकी थी। तीसरे बकरे की बलि के लिए जैसे ही बलुआ (धारदार हथियार) से बकरे की गर्दन पर प्रहार किया गया तो वह छिटककर भीड़ में खड़े दीपक उरांव के तीन वर्षीय पुत्र विमल उरांव की गर्दन पर जा लगा। इससे पूजा स्थल पर कोहराम मच गया।

घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्चे का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घाघरा थाना प्रभारी अमित चौधरी ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। पुलिस ने मृतक के माता-पिता का बयान दर्ज किया है। इस संबंध में थाने में एफआईआर दर्ज की जाएगी। इस हादसे से गांव के लोग हतप्रभ हैं।

Share this

You may have missed