Accident:चलती कार पर गिरी पेड़ की विशाल डाल, बाल-बाल बचे पटवारी; ओवरलोड ट्रक की टक्कर से हुआ हादसा…NV News
Share this
NV News-Khairagarh-Dongargarh accident मुख्य मार्ग पर शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अमलीडीह खुर्द (Amlidih Khurd) के पास एक चलती कार पर अचानक पेड़ की विशाल डाल गिर गई, जिससे कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। इस घटना में कार चालक की जान बाल-बाल बच गई। यह हादसा शाम करीब 8:30 बजे का बताया जा रहा है, जिसने सड़क किनारे मौजूद खतरनाक पेड़ों को लेकर प्रशासनिक मुस्तैदी पर गंभीर सवालिया निशान लगा दिए हैं।
जानकारी के अनुसार,Swift Dzire Car(क्रमांक CG 07 BC 8100) में सवार पटवारी दिव्यांश राजपूत (Patwari Divyansh Rajput) डोंगरगढ़ से खैरागढ़ की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे पुराने टायरों से लदे एक ओवरलोड ट्रक ने सड़क किनारे झुकी हुई पेड़ की सूखी डाल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भारी-भरकम डाल सीधे पीछे आ रही कार पर जा गिरी। कुछ ही सेकंड का फासला पटवारी के लिए जीवनदान साबित हुआ।
हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क किनारे कई पेड़ खतरनाक तरीके से झुके हुए हैं, जिनकी जानकारी होने के बावजूद जिम्मेदार विभाग गहरी नींद में सोया हुआ है। ओवरलोड वाहनों की आवाजाही और इन कमजोर पेड़ों के कारण राहगीरों की जान हमेशा जोखिम में रहती है। लोगों ने सवाल उठाया है कि क्या प्रशासन किसी बड़ी अनहोनी के बाद ही जागने का इंतजार कर रहा है?
इस घटना ने एक बार फिर हाईवे पर सुरक्षा मानकों और पेड़ों की छंटाई जैसे बुनियादी कार्यों की अनदेखी को उजागर किया है। गनीमत रही कि कार में केवल चालक ही सवार था और डाल कार के पिछले हिस्से पर गिरी, अन्यथा परिणाम घातक हो सकते थे। फिलहाल, स्थानीय पुलिस और संबंधित विभाग को मामले की सूचना दे दी गई है, वहीं ग्रामीणों ने जल्द से जल्द खतरनाक पेड़ों को हटाने की मांग की है।

