Dhamtari breaking: झूलेलाल पर टिप्पणी से सिंधी समाज में उबाल, अमित बघेल पर FIR…NV News

Share this

NV News: छत्तीसगढ़ के धमतरी में भगवान झूलेलाल पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर सिंधी समाज में जबरदस्त आक्रोश है। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रमुख अमित बघेल द्वारा सोशल मीडिया पर किए गए कथित बयान के विरोध में रविवार को सैकड़ों की संख्या में सिंधी समाज के लोग सड़कों पर उतर आए। मकई चौक से शुरू हुई आक्रोश रैली ने पूरे शहर में प्रदर्शन किया और कोतवाली थाने पहुंचकर जोरदार नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों ने थाने में पहुंचकर अमित बघेल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि आरोपी ने न केवल सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान झूलेलाल के प्रति अपमानजनक शब्द कहे, बल्कि पूरे समाज का अपमान किया है। इससे सिंधी समाज की धार्मिक भावनाएं गहराई से आहत हुई हैं।

समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि दो दिन पहले ही पुलिस प्रशासन को ज्ञापन देकर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की गई थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर लोगों का धैर्य टूट गया। रविवार को बड़ी संख्या में समाजजन एकजुट होकर कोतवाली थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग पर अड़ गए।

पुलिस प्रशासन पर जब विरोध का दबाव बढ़ा, तो कोतवाली पुलिस ने अमित बघेल के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया। इसके बाद समाज के लोगों ने प्रदर्शन समाप्त किया, हालांकि उन्होंने चेतावनी दी है कि,यदि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई, तो आंदोलन को राज्यव्यापी स्तर पर तेज किया जाएगा।

सिंधी समाज के नेताओं ने कहा कि,भगवान झूलेलाल सिंधी समाज की आस्था के प्रतीक हैं और उनके अपमान को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई हो, ताकि समाज में साम्प्रदायिक सौहार्द बना रहे।

धमतरी में इस घटना के बाद से माहौल संवेदनशील बना हुआ है। पुलिस ने शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है और सोशल मीडिया पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।

सिंधी समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने सभी से शांति की अपील करते हुए कहा कि समाज अपनी आस्था के प्रति सजग है, लेकिन कानून व्यवस्था को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Share this