Crime News: नाबालिग छात्राओं से दुष्कर्म मामले में बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

Share this

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में नाबालिग छात्राओं के साथ दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। वर्ष 2022 में हुई इन घटनाओं में शामिल दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने नाबालिग बालिकाओं से दोस्ती कर उन्हें शादी का झांसा देकर अपने साथ भगा लिया था।

मामले की जानकारी मिलने पर बालिकाओं के परिजनों की शिकायत पर थाना शिवरीनारायण में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। SDOP चांपा यदुमणि सिदार के मार्गदर्शन में तकनीकी साक्ष्यों और सतत प्रयासों के जरिए एक नाबालिग बालिका को गुरुग्राम (हरियाणा) से और दूसरी नाबालिग बालिका को जगतापुर थाना इंदरगढ़, जिला कन्नौज (उत्तर प्रदेश) से सकुशल बरामद किया गया।

हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने नाबालिग बालिकाओं को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अनाचार करने का जुर्म स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी शिवरीनारायण सउनि रामप्रसाद बघेल, सउनि नरेंद्र शुक्ला, आरक्षक दिनेश चौहान तथा सायबर टीम से प्रधान आरक्षक विवेक सिंह का सराहनीय योगदान रहा।

Share this

You may have missed