रील बनाने के चक्कर में दर्दनाक हादसा: फंदे पर लटककर वीडियो शूट कर रही नवविवाहिता की पैर फिसलने से मौत…NV News

Share this

NV News- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला मुख्यालय से सोशल मीडिया के लिए वीडियो (रील) बनाने के चक्कर में एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे की खबर सामने आई है। शहर के रिहायशी इलाके कोस्टा पारा में इंस्टाग्राम रील बनाने के दौरान 22 वर्षीय एक नवविवाहिता की फंदे पर लटकने से अकाल मौत हो गई। इस सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है और हर कोई स्तब्ध है। घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और वैधानिक कार्यवाही करते हुए मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 22 वर्षीय विशाखा देवांगन के रूप में की गई है, जिसकी कुछ समय पहले ही शादी हुई थी। बताया जा रहा है कि विशाखा को सोशल मीडिया पर रील और शॉर्ट वीडियो बनाने का काफी शौक था। आज वह अपने घर के कमरे में अकेली थी और मोबाइल कैमरे को सामने ऑन करके एक नया वीडियो शूट कर रही थी। रील के स्क्रिप्ट या थीम के मुताबिक, वह छत के पंखे पर दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या का अभिनय (एक्टिंग) कर रही थी। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से उसका पैर स्टूल या नीचे रखी वस्तु से फिसल गया और वह सचमुच फंदे पर झूल गई, जिससे मौके पर ही उसकी सांसें थम गईं।

घटना के कुछ समय बाद जब परिवार के सदस्यों ने कमरे का नजारा देखा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। विशाखा को तुरंत फंदे से नीचे उतारकर अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मोहल्ले वासियों की सूचना पर पहुंची सिटी कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और मौके से मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है, जिसमें घटना के समय का वीडियो रिकॉर्ड होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मोबाइल के वीडियो फुटेज और कॉल लॉग्स की तकनीकी जांच कर रही है ताकि मौत के असली कारणों की पुष्टि हो सके।

पुलिस ने मृतका विशाखा देवांगन के शव को पोस्टमार्टम (PM) के लिए जिला अस्पताल के मर्चुरी भिजवा दिया है। नगर दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में मर्ग कायम कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस मायके और ससुराल पक्ष के लोगों के बयान भी दर्ज कर रही है ताकि किसी भी तरह के पारिवारिक विवाद या अन्य पहलुओं की जांच की जा सके। इस दुखद हादसे ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर व्यूज और लाइक्स के चक्कर में जान जोखिम में डालकर रील बनाने के जानलेवा क्रेज पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share this

You may have missed