कलेक्ट्रेट का घेराव: गौ सेवा धाम समिति ने गेट पर बांधी गाय, वादे पूरे न होने पर भड़के गौ सेवक…NV News
Share this
NV News- मुंगेली जिले में गौ सेवा धाम समिति ने अपनी लंबित मांगों को लेकर कलेक्टर कार्यालय का जोरदार घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान विरोध का एक अनोखा तरीका अपनाते हुए समिति के सदस्यों ने कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर ही गौ माता को बांध दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि प्रशासन ने गौ वंश के संरक्षण को लेकर जो वादे किए थे, उन्हें पूरी तरह भुला दिया गया है, जिससे क्षेत्र में गौ माता की स्थिति दयनीय बनी हुई है।

समिति के सदस्यों ने बताया कि लगभग तीन महीने पहले भूख हड़ताल के दौरान प्रशासन ने गौ माता के लिए शेड निर्माण और चारे-पानी की समुचित व्यवस्था करने का लिखित आश्वासन दिया था।
हालांकि, समय बीत जाने के बाद भी धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
प्रदर्शनकारियों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि कलेक्टर उनसे मिलने तक को तैयार नहीं हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि जिला प्रशासन का रवैया ऐसा है जैसे कलेक्टर को “राष्ट्रपति का दर्जा” प्राप्त हो, जो आम जनता और गौ सेवकों की समस्याओं को सुनने के लिए उपलब्ध नहीं हैं।

घेराव के दौरान “प्रशासन होश में आओ” और “अपने वादे पूरे करो” जैसे नारों से कलेक्ट्रेट परिसर गूंज उठा।

गौ सेवकों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द ही शेड निर्माण और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित नहीं कीं, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और अधिक उग्र रूप दिया जाएगा। इस प्रदर्शन ने स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली और गौ संरक्षण के दावों पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
