मुख्यमंत्री ने ईंट जोड़कर किया श्रमदान: भैंसामुड़ा में PM आवास का औचक निरीक्षण, हितग्राही अनुसुइया का सपना हुआ साकार…NV News

Share this

NV News- जशपुर (3 मई 2026)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज जशपुर प्रवास के दौरान सादगी और संवेदनशीलता की एक मिसाल पेश की। सुशासन तिहार के अवसर पर पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम भैंसामुड़ा पहुंचे मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे मकानों का अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न केवल हितग्राही श्रीमती अनुसुइया पैंकरा के निर्माणाधीन आवास की गुणवत्ता जांची, बल्कि स्वयं हाथों में करणी थामकर ईंट जोड़ते हुए श्रमदान भी किया। मुख्यमंत्री को एक सामान्य श्रमिक की तरह काम करते देख ग्रामीण भावुक हो उठे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने वहां मौजूद राजमिस्त्री मोहन चक्रेश और अन्य श्रमिकों से आत्मीय चर्चा की। उन्होंने मजदूरों से उनके रोजगार और मजदूरी के बारे में जानकारी ली और कहा कि गरीबों का पक्का घर बनाना उनके शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि ‘कच्ची झोपड़ी से पक्के मकान’ तक का यह सफर केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि प्रदेश के हर गरीब के सम्मान की लड़ाई है। मुख्यमंत्री के इस सहज अंदाज ने जनता के बीच सुशासन का एक सशक्त संदेश दिया है।

हितग्राही अनुसुइया पैंकरा ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया। अनुसुइया ने बताया कि बरसों से वह एक पक्के घर की उम्मीद लगाए बैठी थीं, जो अब प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पूरी हो रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का उनके घर आकर खुद ईंट जोड़ना उनके परिवार के लिए गौरव की बात है। पक्का घर मिलने से अब उनका परिवार बारिश और अन्य मौसम की कठिनाइयों से सुरक्षित रह सकेगा और समाज में एक गरिमामय जीवन जी सकेगा।

इस औचक निरीक्षण के दौरान पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय, कलेक्टर रोहित व्यास और अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री की इस पहल ने न केवल प्रशासनिक अमले को कार्यों में पारदर्शिता और गति लाने का निर्देश दिया, बल्कि ग्रामीणों के भीतर शासन के प्रति अटूट विश्वास भी पैदा किया। यह दौरा साबित करता है कि प्रदेश का नेतृत्व जमीनी स्तर पर विकास कार्यों की निगरानी के लिए पूरी तरह समर्पित है।

Share this