भीषण हादसा: तड़के सुबह ‘टाइम बम’ की तरह फटा एसी, मकान मलबे में तब्दील, एक की मौत और दूसरा गंभीर…NV News

Share this

NV News रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर से एक बेहद चौंकाने वाली और दर्दनाक दुर्घटना सामने आई है। यहाँ के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अंबेडकर नगर स्थित आईटीआई कॉलोनी में गुरुवार तड़के सुबह एक मकान में लगा एयर कंडीशनर (एसी) अचानक टाइम बम की तरह फट गया। ब्लास्ट इतना जोरदार था कि पल भर में ही पूरा मकान मलबे के ढेर में तब्दील हो गया। इस अचानक हुए भीषण हादसे से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और आस-पास के लोग डर के मारे अपने घरों से बाहर निकल आए।

चश्मदीदों के मुताबिक, सुबह जब घर के लोग सो रहे थे, तभी अचानक एसी में तगड़ा ब्लास्ट हुआ। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मकान की दीवारें और छत भरभराकर ढह गईं। इस मलबे की चपेट में आने से घर के एक सदस्य की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मलबे के नीचे दबने से एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही चक्रधर नगर थाना पुलिस और राहत दल की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

राहत एवं बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद मलबे को हटाकर गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को बाहर निकाला, जिसे तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, मृतक के शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या गैस लीकेज के कारण एसी के कंप्रेसर में ब्लास्ट हुआ होगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और फॉरेंसिक टीम की मदद से हादसे के सटीक कारणों की बारीकी से जांच कर रही है।

Share this

You may have missed