सुशासन तिहार: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बरगद पेड़ के नीचे लगाई चौपाल, किसानों को समझाया नैनो यूरिया का गणित…NV News
Share this
NV News- छत्तीसगढ़ में ‘सुशासन तिहार’ के तहत सरकार सीधे आम जनता के दरवाजे तक पहुंच रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को बलौदाबाजार जिले के करहीबाजार और महासमुंद के बागबाहरा ब्लॉक स्थित ग्राम कमरौद का तूफानी दौरा किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों और किसानों से सीधा संवाद कर शासकीय योजनाओं की जमीनी हकीकत का फीडबैक लिया। करहीबाजार में आयोजित समाधान शिविर को संबोधित करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य सरकारी तंत्र को गांव-गांव तक सक्रिय करना है, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंच सके।
महासमुंद के ग्राम कमरौद में मुख्यमंत्री ने बेहद सादगी भरे अंदाज में एक बड़े बरगद पेड़ के नीचे चौपाल लगाई। इस पारंपरिक चौपाल में उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। विशेष रूप से किसानों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री ने खेती-किसानी को आधुनिक और किफायती बनाने के लिए उन्हें ‘नैनो यूरिया’ का गणित समझाया। उन्होंने बताया कि कैसे नैनो यूरिया की एक छोटी सी बोतल पारंपरिक यूरिया की पूरी बोरी के बराबर असरदार है, जिससे न केवल किसानों की लागत कम होगी बल्कि भूमि की उर्वरा शक्ति भी सुरक्षित रहेगी।
मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को धरातल पर उतारना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। समाधान शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों के अधिकारी खुद जनता के बीच उपस्थित रहकर समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट समाधान कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के इस जमीनी और संवेदनशील रवैये को देखकर ग्रामीणों में भारी उत्साह नजर आया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित जिला प्रशासन के आला अधिकारी भी मौजूद रहे।

