छत्तीसगढ़ को मिलेगी नई रफ्तार: नवा रायपुर में वर्ल्ड क्लास कन्वेंशन सेंटर और बिलासपुर में बनेगा आधुनिक ट्रांसपोर्ट नगर, PPP समिति ने दी मंजूरी…NV News
Share this
NV News- छत्तीसगढ़ में औद्योगिक, व्यापारिक और व्यावसायिक बुनियादी ढांचे को एक वैश्विक पहचान देने के लिए सरकार ने बड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। राज्य में बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को गति देने के उद्देश्य से एक हाई-प्रोफाइल बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में नवा रायपुर में एक वर्ल्ड क्लास कन्वेंशन सेंटर का निर्माण, रायपुर में सर्वसुविधायुक्त जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क और न्यायधानी बिलासपुर में एक आधुनिक ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना जैसी कई महत्वाकांक्षी और बहुप्रतीक्षित बड़ी परियोजनाओं को हरी झंडी दे दी गई है।
इन सभी बड़े प्रोजेक्ट्स को धरातल पर उतारने की सहमति मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित सार्वजनिक निजी भागीदारी (PPP) मूल्यांकन समिति की बैठक में बनी। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के प्रस्तावों और उनकी तकनीकी व आर्थिक व्यवहार्यता की गहन समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि इन परियोजनाओं की रूपरेखा इस तरह तैयार की जाए जिससे अंतरराष्ट्रीय मानकों का पालन हो और काम में पारदर्शिता के साथ तेजी आए।
माना जा रहा है कि इन मेगा प्रोजेक्ट्स के पूरा होने से छत्तीसगढ़ में न केवल बड़े पैमाने पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निवेश आकर्षित होगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। नवा रायपुर का कन्वेंशन सेंटर वैश्विक स्तर के सम्मेलनों और प्रदर्शनियों की मेजबानी के लिए राज्य का प्रमुख केंद्र बनेगा, वहीं रायपुर का जेम्स पार्क और बिलासपुर का ट्रांसपोर्ट नगर व्यापारिक गतिविधियों को सुगम बनाकर अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेंगे।

