छत्तीसगढ़ के पहले रैपर एप्पी राजा का निधन: ‘टूरा भोको लोलो’ फेम सिंगर ने रायपुर AIIMS में ली अंतिम सांस, भानुप्रतापपुर में होगा अंतिम संस्कार…NV News
Share this
NV News- छत्तीसगढ़ के संगीत जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। प्रदेश के पहले रैप सिंगर एप्पी राजा (Appy Raja) का सोमवार को रायपुर के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में निधन हो गया। वे पिछले लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उनके आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही उनके गृहग्राम भानुप्रतापपुर सहित पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रशंसकों और शुभचिंतकों के बीच इस खबर से गहरा सन्नाटा पसर गया है।
महज 13-14 साल की कम उम्र से ही रैप सॉन्ग्स लिखने वाले एप्पी राजा का जीवन बेहद संघर्षों से भरा रहा। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद छत्तीसगढ़ी संस्कृति और भाषा को आधुनिक रैप संगीत के माध्यम से एक नई पहचान दी। अपनी अनूठी शैली और स्थानीय पुट के कारण वे युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय थे। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार, 16 जून को उनके पैतृक निवास भानुप्रतापपुर में किया जाएगा, जहां उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी।
एप्पी राजा को छत्तीसगढ़ी संगीत उद्योग में क्रांति लाने का श्रेय दिया जाता है। उन्होंने अपने सुपरहिट गाने ‘टूरा भाेको लोलो’ से रातों-रात जबरदस्त लोकप्रियता और एक खास पहचान हासिल की थी। उनके इस गाने ने छत्तीसगढ़ी रैप की नींव रखी और उन्हें घर-घर में मशहूर कर दिया। जमीन से जुड़े रहकर अपनी कला का जादू बिखेरने वाले इस युवा कलाकार की कहानी हर उस शख्स के लिए प्रेरणादायक है, जो छोटे शहर से निकलकर बड़े सपने देखता है।

