हत्याकांड: रील विवाद में पति को उतारा मौत के घाट, फिर अनुकंपा नियुक्ति भी ली; 8 महीने बाद खुली पोल…NV News

Share this

रायपुर: राजधानी के चंगोराभाठा क्षेत्र में पिछले साल हुई विपणन संघ के कर्मचारी की संदिग्ध मौत के मामले में रायपुर पुलिस ने रूह कंपा देने वाला खुलासा किया है। जिस मौत को 8 महीने पहले सामान्य हार्ट अटैक माना जा रहा था, वह दरअसल एक सोची-समझी हत्या थी। पुलिस ने जांच में पाया कि मृतक की पत्नी और बेटी ने मिलकर ही उसकी गला घोंटकर हत्या की थी। हैरान करने वाली बात यह है कि पति की हत्या के बाद आरोपी पत्नी ने विभाग में धोखे से अनुकंपा नियुक्ति भी हासिल कर ली और सामान्य जीवन जी रही थी।

पुलिस की तफ्तीश में सामने आया कि घर में मोबाइल पर रील देखने और घंटों सोशल मीडिया पर समय बिताने को लेकर अक्सर विवाद होता था। घटना के दिन भी जब मृतक ने अपनी पत्नी और बेटी को रील देखने से मना किया और मोबाइल छीनने की कोशिश की, तो विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ने मिलकर उस पर हमला कर दिया। गला दबाकर हत्या करने के बाद आरोपियों ने इस तरह का माहौल बनाया कि पुलिस और रिश्तेदारों को लगे कि मौत प्राकृतिक कारणों (हार्ट अटैक) से हुई है।

इस ‘अंधे कत्ल’ का खुलासा तब हुआ जब पीएम रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के बाद कुछ तकनीकी साक्ष्यों ने गला दबाने की ओर इशारा किया। पुलिस ने जब संदिग्ध मां-बेटी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनकी अनुकंपा नियुक्ति को निरस्त करने के लिए संबंधित विभाग को पत्र लिखा जा रहा है। इस खुलासे ने समाज में मोबाइल की लत और रिश्तों के गिरते स्तर पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share this

You may have missed