CGPSC Interview 2024: इंटरव्यू में आया ट्विस्ट- कमरे में लाश, हाथ में किताब’ और पेज 49- 50…NV News
Share this
CGPSC Interview 2024: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की मुख्य परीक्षा के बाद शुरू हुए साक्षात्कार चरण में इस बार अभ्यर्थियों की तार्किक क्षमता और तुरंत निर्णय लेने की योग्यता को परखने के लिए कई अनोखे और दिमागी सवाल पूछे गए। इन्हीं में से एक पहेली – “कमरे में लाश, हाथ में किताब और पेज नंबर 49-50…”- ने कई भर्ती उम्मीदवारों को उलझन में डाल दिया।
अनोखी पहेली ने इंटरव्यू में बढ़ाई धड़कन:
एक उम्मीदवार ने बताया कि, पैनल ने उससे पूछा- “होटल के कमरे में एक व्यक्ति मृत पाया गया। लाश बिस्तर पर है और उसके हाथ में एक खुली किताब है, जिसमें पेज 49-50 नजर आ रहे हैं। थानेदार ने एसपी को बताया कि, यह हत्या का मामला है। एसपी ने तुरंत कहा- ‘तुम झूठ बोल रहे हो।’ अब बताओ, थानेदार का झूठ क्या था?”
कैंडिडेट इस सवाल का जवाब बताने की स्थिति में नहीं था।विशेषज्ञों के अनुसार, यह निष्कर्ष कि,हत्या हुई है, परिस्थितियों से मेल नहीं खाता। अगर हत्या होती, तो कमरे में संघर्ष के निशान होने चाहिए थे। मृतक का हाथ किताब पर टिका होना और शरीर का सामान्य स्थिति में बिस्तर पर पड़ा होना इसकी संभावना कम करता है। इसलिए थानेदार का हत्या कहना तर्कहीन था, यही उसका झूठ था।
चार पैनलों में चला इंटरव्यू, 68 अभ्यर्थियों का चयन दिनभर:
साक्षात्कार 10 से 20 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें कुल 643 उम्मीदवार शामिल होंगे। पहले दिन 68 अभ्यर्थियों को दो पालियों में बुलाया गया। चार पैनलों का गठन किया गया, जिनका नेतृत्व क्रमशः रीता शांडिल्य, डॉ. प्रवीण वर्मा, डॉ. सरिता उईके और संतकुमार नेताम कर रहे हैं। प्रत्येक पैनल में चार सदस्य मौजूद थे, जो अभ्यर्थियों का मूल्यांकन ज्ञान, व्यक्तित्व, व्यवहार और वास्तविक परिस्थिति में निर्णय क्षमता के आधार पर कर रहे हैं।
• शौक, तकनीक, खेल और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक- सवालों का दायरा व्यापक
• बोर्ड ने उम्मीदवारों के शौकों और शैक्षणिक पृष्ठभूमि को ध्यान में रखते हुए सवाल पूछे।
• जिन अभ्यर्थियों ने क्रिकेट को शौक बताया, उनसे हाल ही में हुए विमेंस वर्ल्ड कप के परिणाम और उसके महत्त्व पर चर्चा की गई।
• इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवारों से तकनीकी सवाल पूछे गए।
• भारत–चीन संबंध, कनाडा के साथ हालिया कूटनीतिक घटनाक्रम और इनके प्रशासनिक महत्व पर भी प्रश्न पूछे गए।
छत्तीसगढ़ी पहचान पर भी रही पैनी नजर:
• अभ्यर्थियों से उनके गृह जिले की विशेषताओं पर प्रश्न किए गए।
• अंबिकापुर के उम्मीदवारों से बॉक्साइट और उसके औद्योगिक उपयोगों पर सवाल हुआ।
• बस्तर के अभ्यर्थियों से स्थानीय बोली, व्यंजन और सांस्कृतिक विशिष्टताओं पर चर्चा की गई।
• रायगढ़ और बिलासपुर के कैंडिडेट्स से औद्योगिक और सांस्कृतिक पहचान जुड़ी बातें पूछी गईं।
• कई उम्मीदवारों ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति पर आत्मविश्वास से जवाब दिए, जिससे पैनल प्रभावित दिखा।
• बाहर इंतज़ार करते परिजन और तीसरी बार पहुंचे उम्मीदवारों के जज़्बे की चर्चा
इंटरव्यू केंद्र के बाहर उत्साहपूर्ण माहौल रहा। कई अभ्यर्थी अपने प्रदर्शन से संतुष्ट होकर परिवार के सदस्यों के साथ तस्वीरें लेते नजर आए। कुछ ने स्वीकार किया कि,यह अनुभव अगले प्रयासों में बड़ी भूमिका निभाएगा।
कई उम्मीदवार ऐसे भी थे, जो तीसरी बार इंटरव्यू में शामिल हुए। उन्होंने कहा, “लगातार कोशिश कर रहे हैं, इस बार उम्मीद है। अगर नहीं हुआ तो अगली बार फिर से प्रयास करेंगे।”
246 पदों के लिए प्रतिस्पर्धा:
CGPSC 2024 में कुल 246 पदों पर भर्ती होनी है, जिनमें डिप्टी कलेक्टर के 7, डीएसपी के 21 और अबकारी उप निरीक्षक के 90 पद शामिल हैं। साक्षात्कार प्रक्रिया नवंबर के अंत तक पूरी होने की संभावना है।
