CG suicide case: मेडिकल स्टूडेंट ने खुद को मारी गोली, डिप्रेशन में था युवक…NV News 

Share this

बिलासपुर/(CG suicide case): राजकिशोर नगर क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक घटना हुई, जहां 21 वर्षीय मेडिकल स्टूडेंट संस्कार सिंह ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। संस्कार लंबे समय से डिप्रेशन से जूझ रहा था। सोमवार को उसे भोपाल उच्च शिक्षा के लिए रवाना होना था, लेकिन इससे पहले ही उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

जानकारी अनुसार,संस्कार राजकिशोर नगर के शक्ति चौक के पास अपने परिवार के साथ रहता था। रविवार रात वह अपने कमरे में अकेला था। इसी दौरान अचानक गोली चलने की तेज आवाज सुनकर घर में हड़कंप मच गया। परिजन भागकर उसके कमरे की ओर पहुंचे, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़कर जब अंदर गए, तो संस्कार खून से लथपथ बेहोश हालत में मिला। परिजन तुरंत उसे सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार वालों का कहना है कि,संस्कार पढ़ाई को लेकर काफी तनाव में रहता था। वह मेडिकल कॉलेज का छात्र था और आगे की पढ़ाई के लिए भोपाल जाने की तैयारी कर रहा था। परिजनों को उम्मीद थी कि शहर बदलने और नई शुरुआत करने से उसका तनाव कम होगा और वह सामान्य हो जाएगा। लेकिन यात्रा से एक दिन पहले ही संस्कार ने आत्महत्या कर सबको सदमे में डाल दिया।

मृतक के पिता चित्रसेन सिंह, जो बिल्डर हैं, ने बताया कि उनका बेटा शुरू से ही पढ़ाई में अच्छा था। लेकिन पिछले कुछ महीनों से वह पढ़ाई के दबाव और भविष्य को लेकर चिंतित रहता था। कई बार परिवार ने उससे बात करने और उसका मनोबल बढ़ाने की कोशिश की, मगर वह अपने तनाव को खुलकर साझा नहीं कर पाया।

घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मौके से हथियार जब्त कर लिया है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

इस घटना ने इलाके में गम का माहौल पैदा कर दिया है। परिजन और मित्र यह मानने को तैयार नहीं हैं कि संस्कार ऐसा कदम उठा सकता है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

यह घटना एक बार फिर युवाओं में बढ़ते डिप्रेशन और तनाव का गंभीर संकेत देती है। विशेषज्ञों का मानना है कि मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता और समय पर काउंसलिंग से इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सकता है।

Share this

You may have missed