फसल बीमा कराने का अंतिम मौका 31 जुलाई तक: धान समेत 10 प्रमुख फसलों पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू….NV News
Share this
NV News: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में खरीफ मौसम 2026 के लिए ‘प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना’ के तहत किसानों के पास अपनी फसलों का बीमा कराने के लिए 31 जुलाई तक का मौका है। जिले में योजना के सुचारू क्रियान्वयन और किसानों को जागरूक करने के उद्देश्य से कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पर्यवेक्षण समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में अधिकारियों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक किसान प्राकृतिक आपदाओं या मौसम की मार से होने वाले नुकसान से अपनी फसलों को सुरक्षित कर सकें।
बैठक में जानकारी दी गई कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा गरियाबंद जिले के लिए खरीफ 2026 में कुल 10 प्रमुख फसलों को अधिसूचित किया गया है। इनमें धान सिंचित, धान असिंचित, मक्का, उड़द, मूंग, अरहर, मूंगफली, कोदो, कुटकी और रागी शामिल हैं। इस योजना का लाभ जिले के सभी वर्ग के किसान उठा सकते हैं, जिनमें बैंक से ऋण लेने वाले (ऋणी), बिना ऋण वाले (अऋणी), खुद की भूमि रखने वाले भू-धारक, बटाईदार और वनपट्टाधारी किसान शामिल हैं। जिले में बीमा कार्य के संपादन के लिए बजाज आलियांज जनरल इंश्योरेंस कंपनी को अधिकृत किया गया है। किसान अपने नजदीकी बैंक, लोक सेवा केंद्र (CSC) या कृषि विभाग के माध्यम से 31 जुलाई से पहले आवेदन कर सकते हैं।

