बड़ा फर्जीवाड़ा: सांप काटने से फर्जी मौतें दिखाकर हड़प रहे थे मुआवजा, SDM समेत 3 आरोपी गिरफ्तार…NV News

Share this

NV News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से सरकारी मुआवजा राशि में बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। सर्पदंश (सांप काटने) से हुई मौतों के फर्जी मामले और झूठी पोस्टमार्टम रिपोर्ट तैयार कर शासन से मिलने वाली सहायता राशि हड़पने वाले गिरोह पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। सरकंडा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस पूरे घोटाले में शामिल तत्कालीन एसडीएम को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। एसडीएम के साथ दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है।

जांच में सामने आया है कि जिले में सर्पदंश के करीब 15 ऐसे फर्जी मामले बनाए गए, जिनमें वास्तविक मौत की वजह कुछ और थी (जैसे फांसी या आत्महत्या), लेकिन साठगांठ कर उन्हें सांप काटने से हुई मौत दर्शाया गया। इसके बाद शासकीय सहायता राशि की आड़ में लाखों रुपये का फर्जीवाड़ा किया गया। इस सनसनीखेज मामले में फर्जी पोस्टमार्टम रिपोर्ट बनाने और फाइलें पास कराने के आरोप में अलग-अलग थानों में लगातार कार्रवाई चल रही है।

गौरतलब है कि इस फर्जीवाड़े का खुलासा होने के बाद तोरवा पुलिस पहले ही एक डॉक्टर और वकील समेत पांच मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकंडा, तोरवा और अन्य थानों में दर्ज मामलों की जांच जारी है। इस अंतर-विभागीय सिंडिकेट में शामिल कुछ अन्य शासकीय कर्मचारियों और बिचौलियों की भी जल्द गिरफ्तारी होने की संभावना है।

Share this

You may have missed