दर्दनाक हादसा: धान रोपाई के लिए जा रहे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 2 की मौत, 6 घायल…NV News
Share this
NV News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक दुखद सड़क हादसे की खबर सामने आई है। हिर्री थाना क्षेत्र के मुड़पार गांव में मंगलवार सुबह धान रोपाई के लिए श्रमिकों को ले जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर अचानक पलट गई। इस भीषण हादसे में ट्रॉली में सवार दो मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह अन्य श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही हिर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों में से कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

