बड़ी खबर: ‘छत्तीसगढ़ में 1 जुलाई से महंगी होगी बिजली’, लेकिन मुख्यमंत्री की इस योजना से आम जनता को नहीं लगेगा झटका!…NV News

Share this

NV News- छत्तीसगढ़ के बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक बेहद जरूरी खबर है। राज्य विद्युत नियामक आयोग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नए बिजली टैरिफ का ऐलान कर दिया है, जो आगामी 1 जुलाई 2026 से पूरे प्रदेश में प्रभावी हो जाएगा। नए नियमों के मुताबिक बिजली दरों में औसतन 6.23 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। हालांकि, इस इजाफे के बाद भी प्रदेश के उपभोक्ताओं को ज्यादा परेशान होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि ‘मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत योजना’ के कवच के चलते लाखों घरेलू उपभोक्ताओं को बेहद सस्ती दरों पर बिजली मिलती रहेगी।

विद्युत नियामक आयोग ने इस मूल्य वृद्धि के पीछे की मजबूरियां भी साफ की हैं। आयोग का कहना है कि बीते वर्षों में बढ़ी देशव्यापी महंगाई, कोयले की बढ़ती कीमतों, बिजली उत्पादन और उसकी सप्लाई में आने वाली भारी लागत के साथ-साथ पुराने घाटे को पाटने के लिए यह मामूली बढ़ोतरी करना बेहद जरूरी और न्यायसंगत था। इसके बिना राज्य में बिना रुकावट के क्वालिटी बिजली सप्लाई कर पाना मुश्किल हो रहा था।

राहत की बात यह है कि इस मामूली बढ़ोत्तरी के बावजूद छत्तीसगढ़ आज भी देश के उन चुनिंदा राज्यों में शामिल है, जहां सबसे किफायती दरों पर बिजली दी जा रही है। सरकार की सबसिडी और मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत योजना के शानदार तालमेल की वजह से इस महंगाई का सीधा असर आम जनता, मध्यम वर्गीय परिवारों, किसानों और छोटे कारोबारियों की जेब पर नहीं पड़ेगा। आने वाले दिनों में बिजली विभाग इस राहत और सबसिडी का पूरा ब्योरा भी जनता के सामने रखेगा।

Share this

You may have missed