CG Conversion Case: होम चर्च प्रार्थना से थाने तक झगड़ा…NV News
Share this
रायपुर/(CG Conversion Case): राजधानी रायपुर के टीचर्स कॉलोनी में रविवार को एक मसीही परिवार के घर में चल रही प्रार्थना सभा के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि मामला थाने तक पहुंच गया। मोहल्लेवासियों ने घर के अंदर होने वाली प्रार्थना को मतांतरण का जरिया बताते हुए विरोध किया, जिससे दोनों पक्षों में जमकर झगड़ा और मारपीट हुई।
दरअसल, यह घटना रविवार सुबह करीब आठ बजे हुई। जब संत थॉमस संस्था के भवन में पास्टर फिरोज बाघ और उनके परिवार द्वारा हर रविवार प्रार्थना सभा आयोजित की जाती है। इस दौरान मोहल्ले के कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि घर के अंदर मतांतरण की बातें की जा रही हैं। नारेबाजी शुरू होते ही करीब 20-25 लोग वहां इकट्ठा हो गए और दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई।
बता दें, विवाद की सूचना मिलते ही सरस्वती नगर थाना की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के कुछ लोगों को थाने ले गई। लेकिन वहां भी माहौल शांत नहीं रहा और थाने में ही दोनों पक्षों के बीच झगड़ा और मारपीट हो गई।
पास्टर की पत्नी बसंती बाघ ने बताया कि प्रार्थना कर रहे लोग शांतिपूर्वक पूजा कर रहे थे, तभी कुछ मोहल्लेवासी दरवाजा तोड़ने का प्रयास करने लगे, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने कहा कि एक युवक को नाली में फेंकने की कोशिश की गई और बीच-बचाव करने आए लोगों के साथ भी मारपीट हुई। इस झगड़े में तीन लोग चोटिल हुए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि, प्रार्थना हर शनिवार रात से रविवार सुबह तक चलती है और बंद दरवाजों के अंदर मतांतरण की बातें की जाती हैं। उन्होंने बताया कि पहले भी शिकायत करने पर प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं करता, इसलिए रविवार को लोग घर के बाहर जमा होकर विरोध करने लगे।पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना ने इलाके का माहौल तनावपूर्ण बना दिया है।
