CG Breaking: वाहन चेकिंग के दौरान कार से 75 लाख कैश जब्त, पुलिस की हिरासत में दो संदिग्ध…NV News
Share this
महासमुंद। छत्तीसगढ़ महासमुंद जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र में नियमित वाहन चेकिंग के चेकिंग के दौरान पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एक संदिग्ध कार की तलाशी लेने पर पुलिस ने 75 लाख रुपये नगद बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने कार सवार दो व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस प्रशासन द्वारा अपराध नियंत्रण और आगामी गतिविधियों के मद्देनजर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक कार को रोककर जब उसकी जांच की गई, तो सीटों के नीचे और बैग में छिपाकर रखे गए नोटों के बंडल मिले। बरामद रकम के संबंध में कार सवार कोई भी वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब पेश नहीं कर सके।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नकद राशि को जब्त कर लिया है और इसकी सूचना आयकर विभाग (Income Tax Department) को दे दी गई है। हिरासत में लिए गए दोनों व्यक्तियों से पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई गई थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था। पुलिस को आशंका है कि यह पैसा किसी अवैध लेनदेन या हवाला कारोबार से जुड़ा हो सकता है।
छत्तीसगढ़ में इस तरह की बड़ी जब्ती के बाद हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर के प्रवेश द्वारों और संवेदनशील इलाकों में चेकिंग और तेज कर दी गई है। फिलहाल, बरामद नोटों की गिनती पूरी हो चुकी है और पुलिस मामले की तह तक जाने के लिए तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल्स की भी जांच कर रही है।
