विकास की सौगात: राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने ग्राम झोंका को दी ₹27 लाख से अधिक की सौगात; कई विकास कार्यों का किया भूमिपूजन और लोकार्पण…NV News

Share this

बलौदाबाजार/रायपुर, 3 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ की साय सरकार ग्रामीण अंचलों के चहुंमुखी विकास और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार धरातल पर काम कर रही है। इसी कड़ी में आज बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत झोंका में विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली है। प्रदेश के राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने झोंका पहुंचकर करोड़ों के विभिन्न जनकल्याणकारी और बुनियादी अधोसंरचना कार्यों का विधिवत भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।

इस दौरान ग्रामीणों के उत्साह और उनकी जायज मांगों को देखते हुए राजस्व मंत्री ने क्षेत्र के विकास को और रफ्तार देने के लिए मंच से 27 लाख रुपये से अधिक की नई विकास योजनाओं की बड़ी घोषणाएं भी कीं।

इन विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण और भूमिपूजन

ग्राम झोंका में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने पूजा-अर्चना कर निम्नलिखित कार्यों की आधारशिला रखी और उन्हें जनता को समर्पित किया:

लोकार्पण: कुर्मी पारा में नवनिर्मित शानदार सामुदायिक भवन का लोकार्पण कर उसे आम जनता के सामाजिक कार्यों के लिए समर्पित किया गया।

भूमिपूजन: महामाया मंदिर सामुदायिक भवन, केश डबरी प्रवेश द्वार, तालाबों में पचरी निर्माण, महतारी सदन, मुक्तिधाम शेड, तालाब गहरीकरण तथा रंगमंच भवन सहित विभिन्न अधोसंरचना (Infrastructure) कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया गया।

ग्रामीणों की मांग पर मंत्री ने की ये महत्वपूर्ण घोषणाएं

क्षेत्र की आवश्यकता और जनता की पुरजोर मांग को सहर्ष स्वीकार करते हुए राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कुल 27 लाख रुपये के नए कार्यों को तत्काल स्वीकृति देने का ऐलान किया:

छापड़ तालाब गहरीकरण: जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए 10 लाख रुपये।

मुक्तिधाम शेड निर्माण: अंतिम संस्कार स्थल पर शेड व्यवस्था के लिए 7 लाख रुपये।

सामुदायिक भवन एवं ज्योति कक्ष: सामाजिक और धार्मिक कार्यों के लिए 5 लाख रुपये।

तालाबों में पचरी निर्माण: ग्रामीणों के निस्तारी की सुविधा के लिए 3 लाख रुपये।

प्राथमिक शाला सुलभ शौचालय: स्कूल में स्वच्छता और बच्चों की सुविधा हेतु 2 लाख रुपये।

महिला सशक्तिकरण को बूस्ट: महिला समूहों को प्रोत्साहित करने के लिए जागृति महिला मंडल को 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि देने की भी घोषणा की गई।

“गांव और किसान की तरक्की हमारी प्राथमिकता”

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कहा, “हमारी सरकार गांव, गरीब और किसानों की तरक्की के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है ताकि हर ग्रामीण का जीवन स्तर बेहतर हो सके। क्षेत्र के विकास में राशि की कोई कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी।”

कार्यक्रम में ये जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

ग्रामीणों के इस बड़े उत्सव और विकास पर्व के अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष, बलौदाबाजार जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष तथा ग्राम पंचायत झोंका के सरपंच श्री हरीराम धुव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के आला अधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक व सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Share this

You may have missed