बॉलीवुड के दिग्गज स्टार धर्मेंद्र का 89 वर्ष की उम्र में निधन, ब्रीच कैंडी अस्पताल में ली अंतिम सांस

Share this

मुंबई: बॉलीवुड के महान अभिनेता और हिंदी सिनेमा के सबसे पसंद किए जाने वाले सितारों में से एक धर्मेंद्र का 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री और प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई है।

धर्मेंद्र का जन्म 8 दिसंबर 1935 को पंजाब के लुधियाना के पास स्थित छोटे से गाँव नसराली में हुआ था। एक साधारण किसान परिवार में जन्मे धर्मेंद्र ने कभी नहीं सोचा था कि वे एक दिन भारतीय फिल्म जगत के सबसे बड़े सुपरस्टार बन जाएंगे।

उनका फिल्मी सफर 1960 में अर्जुन हिंगोरानी की फिल्म ‘दिल भी तेरा हम भी तेरे’ से शुरू हुआ, जिसने उन्हें रातोंरात दर्शकों का चहेता बना दिया। अपनी सादगी, रोमांटिक अंदाज़ और दमदार एक्शन के लिए पहचाने जाने वाले धर्मेंद्र को दर्शकों ने ‘हीमैन ऑफ़ बॉलीवुड’ की उपाधि दी।

दिलीप कुमार से मिली फिल्मों में आने की प्रेरणा:-

धर्मेंद्र कई इंटरव्यू में बता चुके हैं कि उन्हें फिल्मों में आने की प्रेरणा दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार से मिली थी। दसवीं कक्षा में उन्होंने पहली बार दिलीप कुमार की फिल्म ‘शहीद’ देखी, जिसके बाद वे उनकी अदाकारी के दीवाने हो गए। दिलीप साहब की ही छवि ने धर्मेंद्र को अभिनय की दुनिया में कदम रखने का साहस दिया।

पद्म भूषण और कई सम्मानों से नवाज़े गए आधुनिक हिंदी सिनेमा के आइकन:-

सिनेमा में उत्कृष्ट योगदान के लिए 2012 में धर्मेंद्र को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। इसके अलावा उन्हें फिल्मफेयर लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड, राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार सहित कई बड़े सम्मान मिले।

फिल्मों के अलावा उनकी निजी जिंदगी भी प्रेरणादायक रही है। वे एक आदर्श पिता थे—सनी देओल और बॉबी देओल दोनों बॉलीवुड में सफल अभिनेता हैं। वहीं, अभिनेत्री हेमा मालिनी के साथ उनका पारिवारिक जीवन और राजनीति में सक्रियता ने उन्हें एक बहुआयामी व्यक्तित्व का रूप दिया।

फिल्म जगत में शोक की लहर:-

धर्मेंद्र के निधन से बॉलीवुड जगत में शोक में है। सह-कलाकार, निर्देशक और प्रशंसक सोशल मीडिया पर भावभीनी श्रद्धांजलियां दे रहे हैं। भारतीय फिल्म उद्योग ने एक ऐसा सितारा खो दिया है, जिसने अपनी अभिनय क्षमता, रोमांस, एक्शन और विनम्रता से करोड़ों दिलों पर राज किया।

Share this

You may have missed