विधानसभा पहुंचे शकुंतला विद्यालय के छात्र; सीएम साय और डॉ. रमन सिंह से सीखे लोकतंत्र के गुर…NV News

Share this

NV News रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून (पावस) सत्र इन दिनों स्कूली बच्चों के लिए व्यावहारिक ज्ञान का केंद्र बन गया है। इसी कड़ी में आज भिलाई के शकुंतला विद्यालय के कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं का एक दल शैक्षणिक भ्रमण पर विधानसभा परिसर पहुंचा। इन विद्यार्थियों ने दर्शक दीर्घा में बैठकर सदन की लाइव कार्यवाही को देखा और प्रश्नकाल समेत विभिन्न जटिल संसदीय प्रक्रियाओं को करीब से समझा। किताबों में पढ़ी गई लोकतांत्रिक व्यवस्था को धरातल पर चलते देखना छात्रों के लिए बेहद ज्ञानवर्धक और कभी न भूलने वाला अनुभव रहा।

इस विशेष भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से आत्मीय मुलाकात की। छात्रों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री साय ने उनका हौसला बढ़ाया और कहा कि आज के विद्यार्थी ही विकसित भारत और समृद्ध छत्तीसगढ़ के भविष्य के असली निर्माता हैं। उन्होंने बच्चों को समझाया कि लोकतंत्र सिर्फ वोट देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनप्रतिनिधियों के जरिए जनता की उम्मीदों और उनकी आवाज को सदन में उठाने की एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है।

वहीं, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने विधानसभा पहुंचने पर बच्चों का स्वागत किया और उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ भारतीय संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और अपने नागरिक कर्तव्यों के प्रति हमेशा सजग रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यावहारिक दौरों से युवाओं में लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति सम्मान बढ़ता है और वे देश के जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित होते हैं। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव और विधायक श्री रिकेश सेन भी मौजूद रहे और उन्होंने भी बच्चों का मार्गदर्शन किया।

Share this