Crime News: बालोद पुलिस और ANTF का बड़ा एक्शन, 6 लाख रुपए की नशीली टैबलेट के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार; बाइक, स्कूटी और मोबाइल जब्त…NV News

Share this

NV News: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को रंगे हाथ दबोच लिया है। आरोपियों के कब्जे से 6 लाख रुपये मूल्य की Nitrosun-10 (नशीली टैबलेट) की 1,500 गोलियां बरामद की गई हैं। आरोपी इन प्रतिबंधित गोलियों को बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहे थे।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस की दबिश

पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देश पर जिले में अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 27 अक्टूबर को बालोद थाने के निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तांदुला नदी के किनारे रामघाट मंदिर के पास कुछ संदिग्ध युवक बाइक और स्कूटी पर नशीली दवाइयां लेकर खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और ANTF की टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी और तीन संदिग्धों को धर दबोचा।

ओडिशा से ला रहे थे नशीली खेप

पकड़े गए आरोपियों की पहचान नवीन चावला, आशीष निर्मलकर और किशन बहादुर उर्फ नेपाली के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से नाइट्र्राजेपम (Nitrosun-10) की 1,500 टैबलेट, नकद राशि, दोपहिया वाहन (बाइक और स्कूटी) तथा मोबाइल फोन जब्त किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे यह नशीली खेप ओडिशा के भुवनेश्वर से लेकर आए थे।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

बालोद थाने में आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट, 1985 की धारा 22 (ग) के तहत गंभीर अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोग कौन-कौन हैं और ये दवाइयां प्रदेश में किन-किन स्थानों पर सप्लाई की जानी थीं।

Share this

You may have missed