सादगी की मिसाल: पीएम मोदी की अपील पर केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने अपने काफिले की गाड़ियां घटाईं…NV News

Share this

NV News- रायपुर: केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने सादगी और संसाधन संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने अपनी सुरक्षा में लगे फॉलोअप वाहनों और काफिले में शामिल गाड़ियों की संख्या को तत्काल प्रभाव से कम करने के निर्देश दिए हैं। साहू ने यह निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस आह्वान से प्रेरित होकर लिया है, जिसमें उन्होंने सरकारी संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग, ऊर्जा संरक्षण और फिजूलखर्ची रोकने का संदेश दिया था।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में पेट्रोल-डीजल और ऊर्जा जैसे संसाधनों का जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग समय की मांग है। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा देशहित में की गई सात महत्वपूर्ण अपीलों का पूर्ण अनुकरण करने का संकल्प लिया है। इनमें वर्क फ्रॉम होम को प्राथमिकता देना, खाद्य तेल के उपयोग में कटौती, विदेशी यात्राओं से परहेज, सार्वजनिक परिवहन का उपयोग बढ़ाना, स्वदेशी उत्पादों को अपनाना, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना और सोने की खरीदारी सीमित करना शामिल है।

तोखन साहू ने जोर देकर कहा कि ‘विकसित भारत’ के निर्माण के लिए राष्ट्रहित में सादगी और आत्मनिर्भरता को एक जन-आंदोलन बनाना जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से भी आग्रह किया कि वे इन अपीलों को अपने जीवन में उतारें ताकि देश की ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक सुदृढ़ता को बल मिल सके। मंत्री के इस कदम को शासन स्तर पर संसाधनों के संयमित उपयोग के एक अनुकरणीय उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है।

Share this

You may have missed