भावी पीढ़ी के स्वास्थ्य के लिए रासायनिक खाद छोड़ अपनानी होगी जैविक खेती: बलौदाबाजार में बोले कृषि मंत्री रामविचार नेताम…NV News
Share this
NV News बलौदाबाजार/भाटापारा। छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा है कि अगर हमें अपनी आने वाली पीढ़ी को एक स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य देना है, तो रासायनिक खादों की अंधी दौड़ से बाहर निकलना होगा। धरती की उर्वरा शक्ति को बचाने और इंसानी सेहत को संवारने का एकमात्र रास्ता जैविक और प्राकृतिक खेती ही है। श्री नेताम आज भाटापारा के शासकीय गजानन्द अग्रवाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित ‘जिला स्तरीय तिलहन मेला सह जैविक कृषि कार्यशाला’ को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल और राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कृषि मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में 1 से 30 जून तक ‘खेत चलो अभियान’ चलाया जा रहा है, जिसका मुख्य ध्येय किसानों को पारंपरिक और प्राकृतिक खेती की ओर वापस लाना है। उन्होंने चिंता जताई कि अधिक उत्पादन की लालसा में रासायनिक खादों का अंधाधुंध इस्तेमाल बढ़ा है, जो मानव स्वास्थ्य और मिट्टी दोनों को गंभीर नुकसान पहुंचा रहा है। किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने एक बड़ी घोषणा की कि ‘कृषक उन्नति योजना’ के तहत अब खरीफ सीजन में धान के बदले दलहन (दालें) और तिलहन (तेल बीज) की खेती करने वाले किसानों को सरकार की तरफ से 15 हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से इनपुट सब्सिडी (आदान सहायता राशि) दी जाएगी।
समारोह को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि पशुधन आधारित खेती ही हमारी असली समृद्धि का आधार है। पुराने समय में जब कृषि का मूल आधार पशुधन था, तब पर्यावरण और जमीन दोनों सुरक्षित थे। आज रासायनिक खादों के कारण पानी, हवा और भोजन सब प्रदूषित हो रहे हैं। इस कार्यशाला के दौरान शासन की कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ भी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया गया। मंच से अतिथियों के हाथों किसानों को अरहर बीज किट, नैनो यूरिया और मछुआ समितियों को आधुनिक महाजाल व आइस बॉक्स का वितरण किया गया। साथ ही पीएम किसान सम्मान निधि और पीएम आशा योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

